बलिया। सदर कोतवाली के कीनाराम घाट पर सोमवार को गंगा में नहाते समय डूबकर एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय नाविकों की मदद से कुछ देर बाद युवक का शव खोज निकाला। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर से सटे बेदुआं मोहल्ला निवासी शक्ति पटेल (36) दोपहर को मुक्ति धाम व कीनाराम घाट के बीच दो दोस्तों के साथ नहाने गया था। गहरे पानी में जाने से शक्ति डूब गया। इसके बाद उसके साथ मौजूद युवकों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे। हादसे की खबर मिलते ही बिचलाघाट पुलिस चौकी के कर्मी, परिजन व मोहल्ले के लोग पहुंच गए। पुलिस ने करीब तीन घंटे बाद युवक का शव नदी से खोजकर बाहर निकलवाया। शक्ति पटेल हलवाई का काम करता था।
पोखरी में डूबने से अधेड़ की मौत : रतसर। गड़वार थाना क्षेत्र के अमडरिया गांव में सोमवार को पोखरी में डूबने से गांव निवासी सिकंदर उर्फ पटवारी (58) की मौत हो गई। पटवारी अपने मुर्गी फार्म से चारा लेकर गांव स्थित पोखरी में डालने गए थे। चारा डालते समय असंतुलित होकर पोखरी में गिर गए। जानकारी होने पर ग्रामीण उन्हें तुरंत निकालकर स्थानीय सीएचसी ले गए, जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। यहां भी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर मऊ जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। शव घर पहुंचा तो मातम पसर गया। वह परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे।