बलिया। शासन यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को सुविधाएं देने लगा है। इसी क्रम में शासन के मुख्य सचिव ने परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। हालांकि विभाग परिवहन निगम के आदेश की प्रतीक्षा कर रहा है, लेकिन बोर्ड परीक्षा को लेकर विशेष बसों के संचालन के लिए आवश्यक तैयारियों को पूरा करने जुट गया है।
सूबे के मुख्य सचिव ने बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों की वीडियो कांफ्रेंसिंग की। डीआईओएस डॉ.ब्रजेश मिश्र इसमें शामिल हुए। मुख्य सचिव ने समीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए सुगम परिवहन व्यवस्था कराई जाए। ताकि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थी समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें। मुख्य सचिव ने हिदायत दी है कि परिवहन कर्मचारियों से कोरोना गाइडलाइंस का पालन कराया जाए। विद्यार्थी मास्क लगाकर आएं।
डीआईओएस ने बताया कि 24 मार्च से शुरू बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल व इंटर के 607 माध्यमिक विद्यालयों के एक लाख 40 हजार 925 विद्यार्थी 211 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। इनमें 80 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं।
एआरएम, डिपो राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को सुगम परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के शासन के निर्देश के आलोक में तैयारियां की जा रही है। हालांकि अभी परिवहन निगम के मुख्यालय से इस संबंध में निर्देश प्राप्त होना शेष है।