रेवती। 132 केवीए पावर स्टेशन हुसेनाबाद से 33 हजार की मेन लाइन को रेवती उपकेंद्र से जोड़ने वाली मांग शनिवार देर शाम पूरी हो गई। अब किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पेट्रोलिंग और फाल्ट सुधार आदि में सुगमता होगी। रेवती पावर हाउस के 33 हजार मेन लाइन में आए दिन होने वाले ब्रेक डाउन से भी छुटकारा मिलेगा।
विभाग के जेई आनंद कुमार की उपस्थिति में बिजली समस्याओं को लेकर संघर्षरत समाजसेवी अतुल कुमार पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़कर बिना लोड मेन लाइन ट्रायल का कार्य शुरू किया गया। देर शाम को पूरे लोड के साथ बिजली आपूर्ति प्रारंभ कर दी गई। माध्यमिक कार्य खंड के अवर अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि रेवती पावर हाउस को हुसेनाबाद पावर स्टेशन से जोड़ा गया है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पेट्रोलिंग और फाल्ट सुधार आदि में सुगमता होगी। अतुल कुमार पांडेय ने कहा कि इस कार्य के होने से रेवती पावर हाउस के 33 हजार मेनलाइन में आए दिन होने वाले ब्रेकडाउन की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। अब बिजली बिल विसंगति सहित अन्य विद्युत सुधार के लिए लड़ाई जारी रहेगी। पुष्पेंद्र तिवारी सिंधु, अनिल पांडेय, संतोष रावत, भोला, सनोज यादव आदि रहे।