जीएसटी की कठिनाइयों को दूर करने की मांग को लेकर सेवाकर विभाग के सामने प्रदर्शन करते नगर के व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
जीएसटी में व्याप्त कमियों को दूर करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने गुरूवार को वाणिज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय वित्तमंत्री के नाम संबोधित दस सूत्रीय मांग पत्र डिप्टी कमिश्नर केके श्रीवास्तव को सौंपा।
इसके पूर्व संगठन के व्यापारियों ने आर्यसमाज रोड स्थित सीताराम चौराहा पर इकट्ठा होकर जुलूस के रुप में वाणिज्यकर कार्यालय तक पहुंचे। इस मौके पर काशी जोन के अध्यक्ष लखनलाल गुप्ता ने कहा कि जीएसटी व्यापारी दने को तैयार है और दे भी रहा है। लेकिन बार-बार अधिकारियों द्वारा अनाधिकृत रूप से जांच पड़ताल और कागजी कार्रवाई से लोगों को निजात नहीं मिल पा रहा है। नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष सुनील परभख ने कहा कि जीएसटी की विसंगतियों के चलते व्यापारी काफी परेशान है। जिसमें सर्वर और पोर्टल का ठीक से कार्य न करना भी प्रमुख कारण है।
कहा कि अगर इसमें सुधार नहीं किया गया तो व्यापार मंडल के लोग आरपार की लड़ाई लड़ने का तैयार है। प्रांतीय युवा उपाध्यक्ष समीम खां ने बताया कि युवा व्यापारी बुनियादी सुविधा न मिलने के कारण अत्यधिक परेशान और निराश है। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष टुनटुन सरार्फ, प्रांतीय मंत्री रजनीकांत सिंह, संजय सोनी, राजेश कुमार, छितेश्वर जायसवाल, राजू सोनी, तारकेश्वर अग्रवाल, कालिका प्रसाद, सूरज गुप्ता, लाल बहादुर आदि रहे। अध्यक्षता मंडल महामंत्री फिरोज अंसारी तथा संचालन जिला महामंत्री अंजनी सोनी ने किया।