बलिया के रसड़ा क्षेत्र में मंगलवार को छापेमारी के दौरान पकड़े गए कॉलेज प्रबंधक समेत 11 आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया है। इन्हें गोरखपुर एसटीएफ व स्थानीय पुलिस ने दबोचा था। मामले में आरोपी बनाए गए बालेश्वर इंटर कॉलेज का प्रबंधक और राजाराम सिंह इंटर कॉलेज का केंद्र व्यवस्थापक फरार हैं।
एसटीएफ की कार्रवाई से नकल माफियाओं में हड़कंप है। मंगलवार को गोरखपुर एसटीएफ ने बालेश्वर इंटर कॉलेज के प्रबंधक के घर पर छापा मारा था। यहां बोर्ड परीक्षा की लिखी हुईं कापियां बरामद होने पर पुलिस ने कॉलेज के प्रबंधक समेत सात नामजद लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। मौके पर कुल छह लोग पकड़े गए थे किंतु प्रबंधक भागने में सफल हो गया था।
पढ़ेंः
बलिया में नकल रैकेट का खुलासा, लिखी हुईं 23 कॉपियां बरामद
वहीं, स्व धर्मदेव आदर्श इंटर कॉलेज रौराचवर पर हुई छापेमारी में भी बोर्ड परीक्षा की लिखी कापियां बरामद हुई थी। इसमें कॉलेज के प्रबंधक व राजाराम इंटर कालेज सिसवार कला के केंद्र व्यवस्थापक समेत छह लोगों पर नामजद व अन्य अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया था।
इन दोनों मामलों में 11 आरोपी मौके से गिरफ्तार किए गए थे जबकि पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। बुधवार की दोपहर मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने सभी को रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
सीओ अवधेश चौधरी ने बताया कि एसटीएफ और संयुक्त पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए कॉलेज प्रबंधक समेत 11 आरोपियों को बुधवार की दोपहर जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।