बैरिया। क्षेत्र में कोरोना का नया केस नहीं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के साथ आम लोगों में राहत मिली है। जिन घरों में कोरोना पॉजिटिव बाहर से संक्रमित होकर आए थे। उन परिवारों में भी संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है।
वहीं, मुरली छपरा पीएचसी के एक स्वास्थ्यकर्मी के अलावा कोई भी स्थानीय व्यक्ति कोराना से संक्रमित नहीं पाया गया। संक्रमण के जो भी मामले मिले हैं, सब बाहर से आए हैं। कोई संक्रमित महाराष्ट्र से आया है तो कोई गुजरात से, कोई राजस्थान से आया है तो कोई दिल्ली से। इस बाबत सोनबरसा अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डा. नवीन कुमार सिंह का कहना है कि यहां के लोगों में रोग निरोधक क्षमता अधिक होने के कारण यहां के लोग कोरोना से संक्रमित नहीं हो रहे हैं। यह अच्छी बात है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि सावधानी व सजगता छोड़ दिया जाए। हर व्यक्ति को सोशल डिस्टेंस के साथ सभी निर्धारित नियमों का पालन करना चाहिए ताकि कोरोना के संक्रमण से लोग बचे रहें।