मौसम में एक बार फिर बदलाव हुआ है। मंगलवार की शाम से ही रुक-रुक बारिश हो रही है। इसे प्री मानसून बारिश भी माना जा रहा है। बारिश के बाद जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों में खुशी है। उधर, कई इलाकों में आंधी व बारिश के कारण बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई है।
पिछले तीन-चार दिनों से उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल थे। इसी बीच मंगलवार की देरशाम अचानक मौसम ने करवट ली और अचानक बारिश शुरू हो गई। बुधवार को सुबह तक रुक-रुक हल्की बारिश होती रही। उधर, किसानों की मानें तो यह प्री मानसून बारिश है और इससे धान की नर्सरी लगाने के साथ ही अन्य खरीफ फसलों की बोआई के लिए खेतों की तैयारी करना आसान हो जाएगा। उधर, हल्की हवा व बारिश के बीच जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहर के आर्यसमाज रोड, बड़ा गड़हा, शास्त्री नगर, एलआईसी रोड आदि मोहल्लों में आधी रात के बाद आपूर्ति शुरू हुई लेकिन सुचारु रुप से नहीं रही। इसके अलावा सोहांव ब्लॉक के कई गांवों में बिजली की आपूर्ति बाधित रही।
नरहीं। बुधवार को प्री मानसून का असर रहा कि सुबह बारिश हुई और तापमान में गिरावट के बाद लोगों ने राहत की सांस ली तथा किसानों ने धान की नर्सरी का काम तेजी से शुरू कर दिया है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के निदेशक विवेक सिन्हा ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक समुद्र तल पर ट्रफ रेखा अब दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश से झारखंड में पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी और गंगा पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों से गुजर रही है। यह मानसून के पहले का असर है जो 11 और 12 जून से देखने को मिलेगा। इसमें तेज हवा मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना है, साथ ही 16 जून के आसपास मानसून बिहार को कवर करने के बाद उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा और इसके बाद सक्रिय हो जाएगा। इस साल मानसून को समय से पहले दस्तक देने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस साल सामान्य बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।