बलिया। सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। खेजुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात दंत चिकित्सक पर नियमित रूप से अस्पताल नहीं आने और इसके बावजूद उपस्थिति रजिस्टर में लगातार हस्ताक्षर दर्ज होने का आरोप लगा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि चिकित्सक महीने में महज पांच-छह दिन ही अस्पताल आते हैं, जबकि बाकी दिनों में भी उनकी उपस्थिति दर्ज होती रहती है।
डॉक्टर की कथित गैरमौजूदगी का खामियाजा इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
हथौज निवासी गौतम राय ने बताया कि उनकी दांतों का इलाज कराने के लिए लगातार तीन दिनों से सीएचसी का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें दंत चिकित्सक नहीं मिल रहे हैं।
शनिवार को भी वह स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, मगर डॉक्टर के नहीं मिलने पर निराश होकर लौटना पड़ा। इसी तरह बेलही की सीता देवी, जगदरा के राजू वर्मा, गोड़वरा के अनिल कुमार और मोहनपुरा के लल्लन प्रसाद समेत कई अन्य लोगों ने भी चिकित्सक के नियमित अस्पताल नहीं आने की शिकायत की है।