बैरिया थाना क्षेत्र के मांझी घाट में डंप अवैध लाल बालू को सीज करते एसडीएम बैरिया प्रशांत नायक साथ
- फोटो : BALLIA
जयप्रकाश नगर। एसडीएम बैरिया प्रशांत कुमार नायक के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को अवैध खनन के खिलाफ की गई छापेमारी में बिहार से लाकर मांझी पुल के पास भारी मात्रा में डंप किए गए लाल बालू को सीज कर दिया। वहीं मौके से लाल बालू लदे पांच ट्रक व तीन ट्रैक्टर ट्राली को भी सीज किया।
एसडीएम ने बताया कि काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी कि बिहार से अवैध रूप से लाल बालू खनन कर मांझी पुल के पास डंप किया गया है और इलाकों में रायल्टी की चोरी कर भेजा जा रहा है। जानकारी का संज्ञान लेते हुए एक टीम बनाकर यह कार्रवाई हुई है। इसमें संलिप्त छह लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। संबंधित लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। लाल बालू ओवरलोड ट्रक व ट्रैक्टर व गैरकानूनी होने के कारण सीज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी में एसडीएम के अलावा क्षेत्राधिकारी बैरिया आर के त्रिपाठी, खनन अधिकारी योगेंद्र भदौरिया व एसएचओ बैरिया संजय त्रिपाठी आदि रहे।