बलिया। जिला अधिकारी कार्यालय के राजस्व अभिलेखागार से सीयर तहसील सिकंदरपुर परगना के कुशहा ब्राह्मण गांव का राजस्व अभिलेख गायब हो गया है। राजस्व अभिलेख रक्षक रवि शंकर श्रीवास्तव की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उन्होंने 2021 से अभिलेख गायब होने का आरोप लगाया है, कहा कि मेरे से पूर्व 12 कर्मचारी काम किए हैं। उन्हीं के कार्यकाल के दौरान अभिलेख गायब हुआ है। पूर्व के 12 कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। सरकारी कार्यालय से अभिलेख गायब होने के कई मामले पिछले दो माह में दर्ज हो चुके हैं। कर्मचारियों की मिलीभगत से कीमती जमीन वाले अभिलेख गायब होने के मामले देखे जा रहे हैं।
कलेक्ट्रेट स्थित राजस्व अभिलेखागार के राजस्व अभिलेख रक्षक रविशंकर श्रीवास्तव ने दी तहरीर में कहा कि 25 फरवरी 2021 व 29 अगस्त 2022 को तत्कालीन राजस्व अभिलेख रक्षकगण द्वारा इस आशय की आख्या प्रस्तुत की गयी है कि ग्राम कुशहा ब्राह्मण परगना सिकन्दरपुर गर्वी तहसील बेल्थरारोड का जिल्द बन्दोबस्त राजस्व अभिलेखागार में उपलब्ध होना नहीं पाया जाता। पुनः मुख्य राजस्व अधिकारी के पत्र के अनुपालन में शैलेन्द्र चौधरी, डिप्टी कलेक्टर / प्रभारी अधिकारी राजस्व अभिलेखागार की देखरेख में 28 जून 2023 को उक्त अभिलेख की खोज राजस्व अभिलेखागार में किया गया, परन्तु उक्त अभिलेख नहीं मिला। उक्त अभिलेख 2021 से नहीं मिल रहा है। राजस्व अभिलेख रक्षक के पद पर मेरे पूर्व स्व ओम प्रकाश शुक्ला, स्व. श्रीकान्त लाल श्रीवास्तव, नवल किशोर राय, अनन्त कुमार मेहता, अभय कुमार सिंह, श्रीराम प्रसाद, विकमा राम, जितेन्द्र आदि अन्य कर्मचारियों द्वारा कार्य किया गया। यह स्पष्ट नही हो पा रहा है कि किस कर्मचारी के कार्यकाल से उक्त राजस्व अभिलेखागार से गायब है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।