शहर कोतवाली में राज सिंह परिजनों से पूछताछ करने के बाद वापस जाते सीबीआई टीम के सदस्य। संवाद
बलिया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या में गिरफ्तार राज सिंह के परिजनों से सीबीआई टीम ने 24 घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की। राज से जुड़ी क्राइम हिस्ट्री, अलग-अलग बैंकों के खाताें का विवरण, राजनीतिक संबंध सहित अन्य जानकारी जुटाई।
कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि सीबीआई की एक टीम बृहस्पतिवार की दोपहर पहुंची थी। राज सिंह के भाई ऋषिवंत सिंह, मां जामंवती सिंह सहित 10 लोगों को कोतवाली में बुलाकर अलग-अलग पूछताछ की। राज सिंह को लेकर सीबीआई टीम के सदस्यों ने सवाल किए। लेकिन क्या सवाल पूछे, इसकी जानकारी नहीं है।
राज सिंह की बहन दीप शिखा सिंह ने बताया कि टीम ने सीसी टीवी कैमराें की रिकॉर्डिंग राज से जुडे़ कई दस्तावेज और शहर में कपड़े की दुकान से की गई खरीदारी का बिल जब्त कर लिया।
दीप शिखा ने कहा कि सीबीआई पर पूरा भरोसा है । परिजनों ने मोदी योगी से राज की सुरक्षा की गुहार लगाई। राज की मां जामवंती ने कहा कि परिवार के सदस्य सीबीआई के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने अपने घर व दुकान के सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है। जिसमें वह पीए हत्याकांड के दिन बलिया में घर पर था। सीबीआई की टीम ने खुद शहर स्थित एक शोरूम व एक दुकान के मालिक से जाकर मुलाकात की। उस दिन राज के खरीदारी की जानकारी ली। राज सिंह के दोस्तों और मामले से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ की।
13 मई को सीबीआई ने इस मामले को अपने हाथ में लिया और रथ की हत्या के संबंध में एफआईआर दर्ज की। एजेंसी ने घटना की जांच के लिए सात सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया।