जिलाधिकारी मुरली मनोहर लाल ने सिंचाई के लिए नहरों के संचालन के लिए तुर्तीपार में सिंचाई विभाग के स्थापित पंपों को पूरी क्षमता से चलाने के निर्देश दिए। ये बातें सामने आई कि पंपों के संचालन के लिए पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं मिलती है। इस कारण लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।
जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति की समस्या को दूर करने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को तत्परता से प्रभावी कार्यवाही का निर्देश दिया। कहा कि विद्युत लास 15 प्रतिशत लाने पर हर संभव उपाय किए जाएं। इससे विद्युत आपूर्ति की अवधि बढ़ जाएगी।
जिलाधिकारी शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों पर अधिकारियों की बैठक ले रह थे। डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना के अंतर्गत लोहिया ग्रामों की प्रगति की समीक्षा भी की। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने बताया कि वर्ष 2015-16 में 28 में से 13 सड़कों की स्वीकृति मिल चुकी है।
इसी प्रकार आंगनबाड़ी केंद्रों के बारे में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि 2014-15 के 37 समग्र ग्रामों के सापेक्ष 22 गांव संतृप्त हैं। सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा ने बताया कि 2014-15 में शेष आठ गांवों में काम चल रहा है और इन आठ गांवों में सीसी रोड का कार्य इसी महीने पूरा हो जाएगा।