बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगवानी के लिए बहेरी से हैबतपुर जाने वाले मार्ग की साफ-सफाई में जुटे दुबहड़ ब्लॉक के सफाई कर्मी मंगलवार को उस वक्त उत्तेजित हो गए जब उन्हें अपने एक साथी के निलंबन की खबर मिली। इसके बाद सफाई का कार्य छोड़कर सभी प्रदर्शन करने लगे।
इसी दौरान उधर से गुजर रहे दुबहड़ ब्लॉक के एडीओ पंचायत संजय सिंह के वाहन को घेर लिया और निलंबन वापसी की मांग करने लगे। सफाई कर्मियों का मूड भांप कर एडीओ पंचायत ने सफाई कर्मी का निलंबन वापस करने का आश्वासन दिया। तब जाकर सफाई कर्मी शांत हुए। हालांकि इस दौरान सफाई कर्मियों ने एडीओ पंचायत पर तानाशाही बरतने और शोषण करने का आरोप लगाया।
कहा कि काम करने बावजूद एडीओ पंचायत मनमाने तरीके से सफाई कर्मियों को सस्पेंड और बहाल करते हैं। प्रदर्शन करने वालों में वेलफेयर एसोसिएशन सफाई कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मुन्ना यादव, महामंत्री जितेंद्र सिंह, गंगासागर, राजेश राम, गणेश ठाकुर, दिनेश पांडेय, रविंद्र शर्मा, पिंकू यादव, रविशंकर यादव, गणेश यादव, रणजीत, परमात्मा राम आदि रहे।
------------
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर ब्लॉक के सफाई कर्मियों को साफ-सफाई के लिए तैनात किया गया था। इस दौरान एक सफाई कर्मी द्वारा अनुशासनहीनता की गई। जिसके खिलाफ जिला पंचायत राज अधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।
संजय सिंह, एडीओ पंचायत, दुबहड़
----------