बैरिया/सिकंदरपुर। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत गणना प्रपत्र बांटने का काम पूरा हो चुका है। अब इन गणना प्रपत्रों को मतदाताओं से सही व स्पष्ट तरीके से भरवाने के बाद वापसी व फीडिंग पर जोर दिया जा रहा है।
इस कार्य की गुणवत्ता को लेकर जिले के सरकारी अमला इन दिनों गांव-गांव दस्तक दे रहा है।
एसडीएम आलोक प्रताप सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की हकीकत जानने के लिए निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ की गतिविधियों की जानकारी ली। संबंधितों को निर्देश दिए कि प्राप्त होने वाले गणना प्रपत्रों को जमा करते समय उनमें अंकित प्रविष्टियों को भली-भांति पढ़कर मिलान कर लें। इसके बाद गणना प्रपत्रों की फीडिंग कराई जाए। तहसीलदार नितिन सिंह भी कई गांवों में पहुंचकर सुपरवाइजर, बीएलओ से गणना प्रपत्रों के संबंध में जानकारी ली।
दुर्जनपुर भाग संख्या 254 की बीएलओ माया बर्मा ने बताया कि एक बीएलओ को 1170 मतदाताओं का फार्म भरवाने की जम्मेदारी दी गई है। सबसे अधिक दिक्कत घर की बहुओं का फार्म भरवाने में हो रही है। मतदाता बता रहे हैं कि बहुओं के मायके से 2003 का मतदाता सूची नहीं मिल रही है।
बीएलओ उषा देवी ने बताया फार्म भरवाने में ब्लड रिलेशन के तहत 2003 के मतदाता सूची में अंकित मतदाता क्रमांक लिखना पड़ता है। इसी क्रम में घर की बहुओं का भी उनके माता-पिता या दादा दादी के 2003 के मतदाता क्रमांक डिटेल भरना पड़ेगा। अनिता देवी ने कहा अगर 2003 का मतदाता सूची में बड़े बुजुर्गों में से किसी का नाम नही है तो मतदाताओं से कहा जा रहा है कि इसी तरह फार्म भर कर जमा दो।बाद में नोटिस आपके पास भेजा जाएगा तो परिवार रजिस्टर का नकल,हाई स्कूल की सर्टिफिकेट आदि 11 विकल्पों में से कोई एक प्रमाण पत्र के साथ प्रपत्र 11 जमा करें।
सिकंदरपुर में निर्वाचन संबंधी गणना प्रपत्र सौंपे गए। उपजिलाधिकारी सुनील कुमार ने पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव, नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि संजय जायसवाल को गणना प्रपत्र प्रदान किए। क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार यादव भी मौजूद रहे।
एसडीएम सुनील कुमार ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत हर मतदान क्षेत्र में मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत तथा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाने तथा त्रुटि सुधार का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है।