घोघा/रसड़ा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर पिछले कुछ दिनों से अधिकारियों की दौड़ लगी हुई है। अभी तीन दिनों से रसड़ा में कई स्थानों पर तैयारी की जा रही थी कि रविवार को बांसडीह में भी सीएम के संभावित दौरे को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। तहसील के विद्या भवन नारायणपुर में तैयारी शुरू कर दी गई हैं।
बांसडीह-मनियर मार्ग स्थित विद्या भवन नारायणपुर में शहीद बृजेंद्र बहादुर सिंह प्रतिमा स्थल के पास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर एसडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य, कोतवाल सुनील कुमार सिंह, तहसीलदार प्रवीण कुमार सिंह ने प्रशासनिक अमले के साथ निरीक्षण किया। हेलीपैड के निर्माण से संबंधित नारायणपुर के प्रधान प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सहित, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर आदेश दिया। शहीद बृजेंद्र बहादुर सिंह की प्रतिमा के पास स्थित मैदान की साफ-सफाई करने और विश्राम के लिए पास स्थित श्रेया ज्ञान वाटिका का भी निरीक्षण किया। एसडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य ने बताया कि अभी आगमन की कोई पुष्ट सूचना नहीं है। संभावना व्यक्त की जा रही है। उसी की तैयारी की जा रही है।
उधर, रसड़ा में सीएम के आगमन को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। एतिहासिक रामलीला मैदान में सभा स्थल को चिह्नित कर साफ-सफाई, जल निकासी कार्य को अंतिम रूप प्रदान किया जा रहा है। महंत कौशलेंद्र गिरी और नपा कार्यवाहक वशिष्ठ नारायण सोनी ने रामलीला मैदान की तैयारी को अंतिम रूप देने में लगे दिखे। रामलीला मैदान से दो किमी दूर कटहुरा मोड़ पर हैलीपैड का निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से कराया जा रहा है। रविवार को इन तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे उपजिलाधिकारी प्रभु दयाल, क्षेत्राधिकारी एसएन वैश, प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय ने सुरक्षा सहित अन्य कार्यों के लिए निरीक्षण किया। एसडीएम प्रभुदयाल ने कार्यों में तेजी लाने के लिए संबंधित को दिशा-निर्देश दिए।