नगर के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद बांसडीह कस्बा निवासिनी मृतका पूजा। फाइल फोटो, परिजन
बलिया। निजी अस्पताल की लापरवाही से एक और प्रसूता की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
बांसडीह कस्बे के वार्ड नंबर 8 निवासी सुधीर गुप्ता ने अपनी तहरीर में बताया कि 26 वर्षीय पत्नी पूजा गुप्ता को प्रसव के लिए 26 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे महिला अस्पताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के नाम पर 25,000 रुपये जमा कराए। शाम को ऑपरेशन से पुत्र का जन्म हुआ। आरोप है कि ऑपरेशन के लगभग आधे घंटे बाद पूजा की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। शाम छह से सात बजे के बीच अस्पताल की ओर से चादर लाने के लिए कहा गया। जब वह चादर लेकर लौटे तो अस्पताल के बाहर एंबुलेंस खड़ी मिली। पूछने पर बताया गया कि उनकी पत्नी की हालत गंभीर है और उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया जा रहा है। पति का आरोप है कि एंबुलेंस से उन्हें मऊ के फातिमा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पूजा गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर बलिया स्थित निजी अस्पताल पहुंचे और विरोध जताया
प्रसूता की मौत पर छात्र नेताओं का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
बलिया। प्रसूता पूजा गुप्ता की मौत के मामले ने सोमवार को जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के छात्र नेता अविनाश सिंह नंदन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र सीएमओ कार्यालय पहुंचे और संबंधित डॉक्टर व नर्सिंग होम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार पर जबरन समझौते का दबाव बनाया जा रहा है और तहरीर बदलने की धमकी दी जा रही है। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राहुल मिश्रा ने कहा कि इससे पहले अपूर्वा नर्सिंग होम का मामला भी सामने आया था, जहां कार्रवाई के बाद दोबारा संचालन की अनुमति दे दी गई। उन्होंने इसे प्रशासन की लापरवाही बताते हुए कहा कि इससे निजी अस्पताल संचालकों का मनोबल बढ़ा है।
मामले की जांच के लिए टीम का गठन किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने पर निजी अस्पताल संचालक व चिकित्सक पर कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टर अभय नारायण राय, सीएमओ बलिया।
-