रसड़ा। रसड़ा में बन रहा हाईटेक ट्रांसमिशन अगले माह में चालू होने की उम्मीद है। इससे जिले के अलावा मऊ व गाजीपुर जिले के 150 बिजली उपकेंद्रों को भी जोड़ा जाएगा। रसड़ा में 220 केवीए व 132 केवीए पर कार्य अंतिम दौर में है। इसके बाद पहले से तैयार 400 केवीए यूनिट से आपूर्ति शुरु करने की तैयारी है।
रसड़ा तहसील के नागपुर गांव स्थित कताई मिल की भूमि पर 475 करोड़ की लागत से 10 हेक्टेयर में अत्याधुनिक 400 केवीए ट्रांसमिशन उपकेंद्र ऊर्जाकृत हो चुका है। बरसात के मौसम के कारण रसड़ा में 220 केवीए व बलिया में 132 केवीए ट्रांसिमिशन का कार्य प्रभावित होने के कारण कुछ बिलंब से शुरू होगा। इन दोनों पर कार्य अंतिम दौर में है। इन बिजली घरों को जोड़ने के लिए लाइन तैयार हो गई है। आधुनिक ट्रांसमिशन के शुरू होने के बाद रेलवे व कृषि वाले उपकेंद्र भी जुड़ जायेंगे। अधिकारियों की मानें तो इस तकनीक पर बनने वाली यह हाईटेक ट्रांसमिशन यूनिट पूर्वांचल में पहली है। इस बाबत ट्रांसमिशन कारपोरेशन के अधिशासी अभियंता खालिद फजल ने बताया कि कई बड़े बिजली घरों को निर्माणाधीन ट्रांसमिशन यूनिट से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसके बाद जिले के साथ ही गाजीपुर व मऊ के कई उपकेंद्रों को निर्बाध बिजली मिलेगी।