बलिया। बिजली बिल जमा न करने वाले सरकारी कार्यालयों पर अब बिजली विभाग की नजर है। सोमवार शाम तक बकाया जमा न करने वाले कुल 516 सरकारी संस्थानों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इन संस्थानों पर कुल 16 करोड़ रुपये का बकाया है। अन्य विभागों को बिजली बिल और नोटिस भेजा गया है। अगर बकाया जमा नहीं होता है तो इनकी विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाएगी।
विद्युत विभाग की इस कार्रवाई से बकायेदार विभागों में खलबली मची है। विद्युत विभाग इन दिनों आर्थिक संकट से गुजर रहा है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो आमलोगों के साथ सरकारी कार्यालयों व संस्थानों पर भारी भरकम बकाया होने के कारण विद्युत सामग्रियों के सामानों की खरीदारी व आपूर्ति भी आर्थिक कमी के कारण प्रभवित हो रही है। कई विभागों के यहां तो करोड़ों का बकाया है और इसका भुगतान नहीं किया जा रहा है। अब विद्युत विभाग ने इन विभागों को बकाया बिल के साथ ही नोटिस भी भेज दिया है। बड़े बकाया वाले विभागों की वसूली को लेकर विद्युत विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बकाया जमा नहीं करने वाले विभागों की बिजली आपूर्ति बंद करने की तैयारी कर ली गई है। उधर, रविवार को विभाग की ओर से सरकारी संस्थानों के विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई शुरु की गई। सोमवार शाम तक कुल 516 संस्थानों की बिजली काटी गई। इसमें 471 प्राथमिक स्कूल, 38 आंगनबाड़ी केंद्र, सात पंचायत भवन की बिजली काटी गई। बताया जाता है कि बार-बार पत्र भेजने के बावजूद इन विभागों की ओर से बकाया जमा नहीं किया गया था।
यह हैं बड़े बकाया वाले विभाग
सीएमओ कार्यालय 3.48 करोड़
बीएसए कार्यालय 10.61 करोड़
विकास भवन 1.01 करोड़
सर्किट हाउस 0.28 करोड़
जल निगम 3.65 करोड़
जेल 7.35 लाख
महिला पॉलिटेक्निक 4.64 लाख
जिला पंचायत (प्राइमरी स्कूल, पेयजल, आंगनबाड़ी कार्यालय आदि)- 16.09 करोड़
कई विभागों के यहां विद्युत बिल के रुप में करोड़ों का बकाया है। बड़े बकाया वाले विभागों को बिल व नोटिस भेजा जा चुका है। अगर संबंधित विभागों की ओर से बकाया का भुगतान नहीं किया गया तो उनकी विद्युत आपूर्ति बंद करने की प्रकिया शुरु की जाएगी। अब तक कुल 516 संस्थानों की बिजली काटी गई है।
- आरके जैन, अधीक्षण अभियंता विद्युत, बलिया।