नगरा थाना क्षेत्र के डिहवां गांव में आठ वर्षीय बालक की रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई। अब इस गांव में कोरोना संक्रमितों की संख्या तीन हो गई है। इससे पूर्व 25 मई को आई जांच रिपोर्ट में दो सगे भाई पॉजिटिव मिले थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने गांव को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया था। गांव को सील कर दिया गया है। संक्रमित बालक अपने माता पिता के साथ मुंबई से गाड़ी रिजर्व कर 18 मई को घर आया था। बालक अपने माता पिता के साथ प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटीन था। बालक के माता-पिता की रिपोर्ट निगेटिव आई है। नोडल अधिकारी डा. अमित कुमार राय ने बताया कि संक्रमित बालक को बलिया से पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम बसंतपुर लेकर चली गई।
कैथवली में पिता-पुत्र, दौलतपुर में युवक संक्रमित
नरही विकास खंड सोहांव के कैथवली गांव में रविवार को पिता-पुत्र कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। गांव पहुंची स्वास्थ्य व पुलिस की टीम ने दोनों को बसंतपुर स्थित एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह 11 मई को महाराष्ट्र के गोरेगांव से परिवार संग गांव आया था और गांव के प्राथमिक विद्यालय पर परिवार संग क्वारंटीन था। यहां 26 मई को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल लिया था जिसमें पिता-पुत्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी ब्लॉक के दौलतपुर गांव में भी एक युवक के पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। उसे भी टीम ने बसंतपुर एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया। युवक ने बताया कि वह दिल्ली से 20 मई को अपने गांव आया था और घर में ही होम क्वारंटीन था। कैथवली प्राथमिक विद्यालय में 26 मई को सैंपल लिया गया था।
रिश्तदारों संग रिजर्व गाड़ी से आया था गांव
हल्दी विकास खंड बेलहरी के नई बस्ती बहादुरपुर में रविवार को युवक के कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष हल्दी सत्येंद्र कुमार राय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनवानी के अधीक्षक डा.मोकर्रम अहमद अपनी टीम के साथ बहादुपुर पहुंचे और युवक को बसंतपुर स्थित एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया। युवक ने बताया कि वह 10 मई को नोएडा से अपने रिश्तेदारों के साथ रिजर्व गाड़ी करके आया था। उसी समय से उसे बुखार था। नजदीक के चिकित्सक से टाइफाइड का इलाज करा रहा था और बलिया स्थित एक पैथोलॉजी में रक्त की जांच भी कराई थी। संदेह होने पर 26 मई को उसका सैंपल लिया गया था और रविवार को पॉजिटिव आई। गांव को हॉटस्पाट घोषित कर दिया गया है।