नगरा। नगर पंचायत की ओर से रसड़ा मार्ग के पूरब पटरी पर एक साल पूर्व खोद कर छोड़ दी गई नाली अब जानलेवा बन गई है। सोमवार की सुबह नाली में गिरे पुलिस जवान का पैर टूट कर अलग हो गया। दो घंटे तक से पुलिसकर्मी नाली में पड़ा रहा। इसी बीच एक दुकानदार की निगाह पड़ी तो पुलिस और ग्रामीणों ने नाली से निकाला और निजी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने गाजीपुर भेज दिया।
गाजीपुर जिले के सुहवल निवासी (25) वर्षीय राम दुलारे देवरिया जिले में पुलिस में तैनात है। देवरिया से अपने घर जा रहे थे। अभी नगरा थाने के सामने पहुचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी से बचने के लिए बाईं ओर निकले। असंतुलित होकर खोदी गई नाली में पलट गए और पैर टूट कर अलग हो गया। दो घंटे तक नाली में पड़े रहे। इसी बीच चाय विक्रेता ने देखा तो शोर मचाया। पुलिस भी आ गई। घायल सिपाही ने अपना परिचय दिया। पुलिस नाले से निकाल कर निजी अस्पताल ले गई।