बलिया। नगर पंचायत मनियर की अधिशासी अधिकारी (ईओ) मणि मंजरी राय की आत्महत्या मामले में केस दर्ज होने के 25 दिन बाद भी पुलिस किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। मामले में चालक किसी अन्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। आरोपी चेयरमैन की तलाश में पुलिस टीम उत्तराखंड गई है लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। अन्य आरोपी टैक्स बाबू और कंप्यूटर बाबू की कोई लोकेशन नहीं मिल सकी है।
छह जुलाई की देर रात शहर कोतवाली स्थित आवास विकास कॉलोनी स्थित किराये के मकान में मनियर की ईओ मणि मंजरी राय ने सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के भाई विजयानन्द राय की तहरीर पर सदर कोतवाली में नगर पंचायत अध्यक्ष भीम गुप्ता, टैक्स लिपिक विनोद सिंह, कंप्यूटर आपरेटर अखिलेश कुमार, सिकंदरपुर के ईओ संजय कुमार राव व चालक चंदन कुमार, ठेकेदार समेत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष व कंप्यूटर आपरेटर के भाई को हिरासत में लिया और पूछताछ की। इसके बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। नौ जुलाई को पुलिस ने नगर पंचायत कार्यालय स्थित ईओ कार्यालय और ईओ आवास को सील कर दिया था। इस प्रकरण के जल्द पर्दाफाश करने के लिए जिलाधिकारी ने टीम गठित की है। मनियर स्थित ईओ कार्यालय की फाइलों को खंगाला गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक देवेंद्रनाथ की उपस्थिति में आवास विकास कालोनी स्थित ईओ आवास का ताला खोला कर यहां मौजूद फाइलों व अन्य सामानों को टीम ने अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल किया। पुलिस की मानें तो मणि मंजरी राय प्रकरण में पूछताछ एवं पत्रावलियों की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। अब केवल फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी शेष रह गई है। इस बाबत एएसपी संजय कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम जगह-जगह दबिश दे रही है।