रामगढ़। हल्दी पुलिस ने क्षेत्र के रामगढ़ ढाले पर स्थित सोनी कटरे के अंदर बाथरूम से चोरी के दो ड्रम में 440 लीटर डीजल बरामद किया। पुलिस कटरा मालिक के लड़के के साथ डीजल को कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही दो आरोपियों को भोजपुर, बिहार से गिरफ़्तार कर लिया।
बता दें कि करीब एक साल से गंगा की कटान से एनएच 31 को सुरक्षित करने के लिए करीब 35 करोड़ की लागत से कटान रोधी कार्य चल रहा है। इसमें ठेकेदारों के कर्मचारियों की मिलीभगत से डीजल चोरी कर बेचने का सिलसिला काफी दिनों से चल रहा था, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आते थे। गंगा का जलस्तर घटने के बाद अधूरे स्पर 27.200 का काम चल रहा है। उसके लिए जेसीबी में डालने के लिए डीजल का तेल आया हुआ था, जो स्पर के बगल में स्थित एक गोदाम में रखा गया था। डीजल को चोरों ने शुक्रवार की देर रात गायब कर दिया। शनिवार की सुबह ठेकेदार के मुंशी ने डीजल चोरी की सूचना पुलिस चौकी के साथ ही थाना हल्दी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए रामगढ़ ढाले पर स्थित सोनी कटरे से दो ड्रम में 440 लीटर डीजल बरामद किया। पुलिस की पूछताछ में जेसीबी के ड्राइवर ने बताया कि यह सिलसिला बहुत दिन से चल रहा था। इस बाबत थानाध्यक्ष हल्दी सुरेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि 400 लीटर चोरी का डीजल बरामद हुआ है। वहीं अभियुक्त बृजेश कुमार सोनी पुत्र जवाहर सोनी निवासी गंगापुर रामगढ़ थाना हल्दी बलिया तथा नीरज कुमार सिंह यादव पुत्र विनय सिंह निवासी रामनगर थाना तरारी जनपद भोजपुर बिहार गिरफ्तार किया गया है।