बलिया। 20 सूत्री मांग को लेकर जनपद के फार्मासिस्टों से बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल समेत समस्त सीएचसी व पीएचसी पर दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया। यह कार्य बहिष्कार 16 दिसंबर तक लगातार चलता रहेगा। इसके बावजूद अगर सरकार मांगें नहीं मानती है तो 17 से 19 दिसंबर तक पोस्टमार्टम और आकस्मिक सेवाओं को छोड़कर पूर्णकालिक बंदी करेंगे।
इसकी जानकारी देते हुए डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन जिला इकाई बलिया के अध्यक्ष मलय कुमार पांडेय व मंत्री अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इसके बाद भी सरकार ने मांगें नहीं मानी तो 20 दिसंबर को पोस्टमार्टम हाउस व आकस्मिक सेवाएं भी ठप कर दी जाएगी। वेतन उच्चीकरण, प्रिस्क्रिप्शन अधिकार, संवर्ग पुनर्गठन, पदनाम परिवर्तन सहित 20 सूत्री मांग फार्मासिस्टों द्वारा की गई है। उधर, जिला अस्पताल में फार्मासिस्टों द्वारा दो घंटे के कार्य बहिष्कार से मरीज व तीमादारों को कुछ खास परेशानी नहीं हुई। कारण कि फार्मासिस्टों द्वारा सुबह आठ से 10 बजे तक कार्य बहिष्कार किया गया। इस दौरान कुछ ही मरीज उपचार के लिए पहुंचे थे, जबकि अधिकांश मरीज व तीमारदार कार्य बहिष्कार समाप्त होने के बाद ही पहुंचे। जिससे कुछ खास दिक्कतें नहीं हुई। इस बाबत जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीके सिंह ने बताया कि आपातकालीन व पोस्टमार्टम को छोड़ फार्मासिस्टों ने सुबह में दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया था। इसलिए कुछ खास असर नहीं हुआ।