बेल्थरारोड। जीएमएएम इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर चल रहे ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में यंग स्टार फुटबॉल क्लब खैराबाद ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में स्टेडियम एकादश देवरिया को 2-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में यूनाइटेड क्लब सिवान ने साईं फुटबॉल एकेडमी बरेजा सारण को दो गोल से शिकस्त दे फाइनल में जगह बनाई। अब फाइनल में खैराबाद और सिवान के बीच खिताबी भिड़ंत होगी।
पूर्व ब्लाक प्रमुख विनय प्रकाश अंचल और सपा नेता राजेश पासवान ने फीता काट मैच का शुभारंभ किया। पहले राउंड के मैच में देवरिया ने एक गोल दाग कर बढ़त बनाई। मध्यांतर के बाद खैराबाद के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया तथा ताबड़तोड़ दो गोल दाग फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे राउंड में सीवान और छपरा के बीच मुकाबला हुआ। हाफ टाइम के पहले दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं, लेकिन हाफ के बाद सिवान ने लगातार दो गोल दाग फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में यूपी और बिहार की टीमों के बीच जबर्दस्त मुकाबला होगा। प्रकाश श्रीवास्तव व पीयूष रेफरी रहे। डॉ. बेचन यादव, आरिफ ने कमेंटेटर की भूमिका निभाई। संयोजक अब्दुल रहमान ने बताया कि फाइनल मैच के पूर्व सोनाडीह और सिवान की महिला खिलाड़ियों के बीच प्रदर्शन मैच खेला जाएगा।