नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि और सभासद लक्ष्मण गुप्ता ने कभी भी व्यापारियों की लड़ाई नहीं लड़ी है। नगरपालिका परिषद के कार्यालय में गत दिनों जो भी विवाद हुआ, वह व्यापारियों के हित के लिए नहीं बल्कि उनके निजी हित के लिए हुआ। यह बात रविवार को उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष लखन लाल गुप्ता एवं समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता नंदगोपाल गुप्ता ने कही।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हित की बात तब कही जाती, जब किसी व्यापारी के बेटे का टेंडर फार्म छिन गया होता और वे उसकी लड़ाई लड़ते। ठेकेदारों के साथ ही अपने निजी विवाद को वे व्यापारियों से जोड़कर व्यापारियों की भावनाओं से खिलवाड़ करना चाहते हैं। किसी भी हाल में व्यापारी लक्ष्मण गुप्ता को सहयोग नहीं देंगे।
नेताद्वय ने कहा कि टेलीफोन पर बातचीत में कैबिनेट मंत्री कहा कि टेंडर की प्रक्रिया सही है या गलत है, टेंडर होगा या नहीं यह मुझे पता नहीं है लेकिन बलिया आने पर लक्ष्मण गुप्ता का असली चेहरा जनता के सामने रखेंगे। व्यापारी नेताद्वय ने कहा कि व्यापारियों के लिए नगर में लोहिया मार्केट का निर्माण कराया गया लेकिन अध्यक्ष की उदासीनता से इसका आवंटन नहीं हो पा रहा है।
ऐसे में हम कैसे कह सकते हैं कि लक्ष्मण गुप्ता व्यापारियों के नेता हैं। इस मौके पर अरुण कुमार गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल, राजू वर्मा, गुड्डू वर्मा, अंजनी कुमार वर्मा, नरेंद्र खरवार, सोनू वर्मा, कन्हैया जी अग्रवाल, अनिल कुमार वर्मा, श्रीरामजन्म रौनियार, उमेशचंद्र गुप्ता, सभासद चंदन गुप्ता, भोला प्रसाद गुप्ता, शंभू चौरसिया, अनिल कुमार गुप्ता आदि उपस्थित रहे।