सुखपुरा थाना क्षेत्र के धरहरा चट्टी के पास गुरुवार देर रात ट्रैक्टर और स्कार्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें ट्रैक्टर सवार भासपा के सदर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष बंगाली राजभर (40) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह बलिया-सिकंदरपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने 50 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर, स्कार्पियो के चालक पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला मुख्यालय से तेज रफ्तार में जा रही स्कार्पियो धरहरा चट्टी के पास पहुंची और ट्रैक्टर में सामने से भिड़ गई। इससे ट्रैक्टर पर सवार सुखपुरा थाना क्षेत्र के धर्मपुरा निवासी भासपा नेता बंगाली राजभर (40) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल का नाम पता ज्ञात नहीं हो सका। टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक स्कार्पियो छोड़कर चालक और सवार सभी फरार हो गए थे। लोगों ने स्कार्पियो में शराब की बोतल सहित कई आपत्तिजनक सामान देखा।
स्कार्पियो से मिले सामानों से साबित होता है कि उसमें सवार लोग नशे में चूर थे। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ ही ट्रैक्टर तथा स्कार्पियो को कब्जे में लेने के साथ ही घायल को जिला अस्पताल पहुंचवाया।
उधर शुक्रवार सुबह घटना से नाराज लोगों ने बलिया-सिकंदरपुर मार्ग तीन घंटे तक जाम रखा। इस दौरान जिला प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। मृतक के परिवारीजनों को पांच लाख रुपये मुआवजे की मांग की। करीब तीन घंटे बाद मौके पहुंचे एसडीएम और सीओ सिटी के आश्वासन पर जाम समाप्त किया।
इसी बीच एडीएम खेमपाल सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक केसी गोस्वामी भी पहुंच गए। इस मौके पर सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए सुखपुरा एसओ सुरेश सिंह सहित कई थानों की पुलिस मौजूद रही। सड़क जाम करने वालों में छात्रनेता कृष्ण प्रताप यादव, छोटू राय, अंजनी पांडेय, बब्लू, रामजी, अखिलेश, शिव प्रशांत सिंह, शिवदयाल चौधरी, उमेश, महेश, रमेश आदि रहे।