नरही। स्थानीय थाना क्षेत्र के पिपरकला चट्टी पर मंगलवार की सुबह सीमेंट की बेंच पर बैठकर बातचीत कर रहे तीन लोगों पर सहजन के पेड़ की डाल टूट कर गिर गई। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए जिसमें एक युवक की मौत हो गई। घायल वृद्ध समेत दो लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां एक की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
पिपराकला निवासी गांव निवासी आदित्य कुमार राजभर (20) पुत्र प्रेम नाथ राजभर, हरीश राय राजभर (60) और गजेंद्र राजभर (15) पुत्र गौरीशंकर राजभर मंगलवार की सुबह गांव में ही सार्वजनिक स्थल पर रखी सीमेंट की बेंच पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बेंच के बगल में स्थित सहजन के पेड़ की बड़ी डाल टूटकर गिर गई। इस घटना में गंभीर रूप से घायल आदित्य की की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल हरीश राय राजभर और मामूली रूप से गजेंद्र राजभर चोटहिल हो गए। कुछ ही देर में आसपास के लोग जुट गए। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी नरहीं पहुंचाया, जहां से हरीश राय को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने आदित्य के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आदित्य चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और अविवाहित था। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। उल्लेखनीय है कि बीते रविवार को इसी गांव की बालिका निक्की (10) की अर्घ्य देने जाते समय पलियाखास गांव के बगल में गंगा के छाड़न में डूबने से मौत गयी थी। तीन दिन में गांव के दो लोगों की मौत से गांव में मातम छाया है।