पार्टी नेताओं के बेतुके बयान से भाजपा को नुकसान उठाना पड़ रहा है। चंद नेताओं की इसी करतूत से जम्मू कश्मीर में हम पूर्ण बहुमत में नहीं आ सके। इस पर पूरी तरह से रोक लगनी चाहिए। इसके लिए प्रधानमंत्री जी पूरी तरह कठोर हैं। ये बातें बुधवार को एक होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान सलेमपुर से भाजपा सांसद रवींद्र कुशवाहा ने कही।
पार्टी की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि मांझीघाट से रेवती, बांसडीह, मनियर, सिकंदरपुर, देवरिया होते हुए गोरखपुर तक जाने वाली सड़क को केंद्र सरकार के परिवहन मंत्री नीतिन गडकरी ने फोर लेन बनाने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-28 घोषित कर दिया है। इसमें प्रदेश सरकार का भी सहयोग रहा है।
कहा कि जल्द इसे मूर्त रूप देने के लिए सर्वे का कार्य प्रारंभ हो गया है। जनपद में हुई ओलावृष्टि और भारी बारिश से नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मुआवजे के लिए केंद्र सरकार से राहत दिलाने का हर संभव प्रयास करूंगा। वैसे केंद्र सरकार के कृषि राज्यमंत्री डा. संजीव कुमार बालियान ने केंद्रीय टीम भेजकर नुकसान का आकलन कराने का आश्वासन दिया है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज के कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर दिए बयान पर सांसद ने पहले तो कन्नी काटा। लेकिन बाद में उन्होंने इस तरह के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कहा कि जम्मू-कश्मीर का चुनाव में मान माफिक सीटें नहीं मिलने के पीछे इसी तरह के बयान भी एक कारण हैं।
उन्होंने गोद लिए गांव के विकास के संबंध में कहा कि किसी भी गांव के विकास के लिए कम से कम 60 करोड़ रुपये की आवश्यकता है। गोद लिए गांव के लिए जब तक कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई जाएगी, तो विकास में रुकावट आना लाजमी है। बताया कि घाघरा पर स्थित भागलपुर के जर्जर पुल के मरम्मत कार्य के लिए मेरे प्रयास से एक करोड़ चार लाख रुपया अवमुक्त हो चुका है। 54 लाख रुपया विभाग को दिया जा चुका है।