तिरनई खिजिरपुर में आयोजित सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उनके चित्र के समक्ष श्रद्धा सुमन अर
विशुनपुरा। सरदार वल्लभभाई पटेल सेवा संस्थान बेल्थरारोड के तत्वावधान में मंगलवार को तीरनई खिजिरपुर गांव में भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस दौरान उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक गोरख पासवान ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि आजादी के बाद सरदार पटेल ने अपनी बुद्धिमत्ता और दृढ़ इच्छाशक्ति से 562 से अधिक देसी रियासतों का भारत में विलय कराकर अखंड भारत का निर्माण किया। उनकी इस ऐतिहासिक भूमिका के कारण उन्हें लौहपुरुष कहा जाता है। वर्ष 1928 में बारडोली सत्याग्रह के माध्यम से उन्होंने किसानों की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाया।
नेतृत्व क्षमता, वाकपटुता, दूरदर्शिता, कुशल प्रशासन और विनम्रता जैसे उनके गुण आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मान सिंह पटेल ने कहा कि यदि सरदार पटेल आज जीवित होते तो आतंकवाद, उग्रवाद, अलगाववाद और सांप्रदायिकता जैसी ताकतों को पनपने का अवसर नहीं मिलता। रामसोचन पटेल ने कहा कि सरदार पटेल आधुनिक भारत के शिल्पकार, राष्ट्रीय एकता के सूत्रधार और किसान हितों के बड़े चिंतक थे। उनके आदर्शों को अपनाकर आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। समारोह को जयराम सिंह, प्रताप पटेल और देवेंद्र पटेल ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता दंगल पटेल तथा संचालन रघुवंश पटेल ने किया।