लालगंज/ जयप्रकाश नगर। 18 अगस्त 1942 के दिन आजादी की जंग में जान देने वाले अमर शहीदों की याद में सोमवार को थाना के सामने स्थित शहीद स्मारक पर लोगों ने फूल माला चढ़ाकर शहीदों को नमन किया। अंग्रेजों की गोली से 20 क्रांतिकारी बलिदान हो गए थे। उनकी याद में हर साल प्रशासन और लोगों की तरफ से श्रद्धांजलि दी जाती है।
शहीदों को श्रंद्धाजलि देने और नमन करने वालों में बैरिया थानाध्यक्ष, सेनानी, सेनानी परिवार, पूर्व सैनिक, राजनीतिक दलों के नेता, छात्र-छात्राएं व स्थानीय लोग शामिल रहे। परंपरा के अनुसार शहीद स्मारक पर थानाध्यक्ष बैरिया मूल चंद्र चौरसिया ने विधिविधान पूर्वक पूजन-अर्चन कर सबसे पहले अमर शहीद सेनानियों को फूल माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। उसके बाद लोगों ने श्रद्धांजलि दी। बलिया प्रशासन की तरफ से जिले एक मात्र जीवित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित रामविचार पाण्डेय और अन्य सेनानी परिवारों को बस से बुलाया गया था, उन्होंने शहीद स्मारक पर फूल माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, पूर्व सांसद भरत सिंह और उनकी पुत्री विजय लक्ष्मी, पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह, बैरिया विधायक जय प्रकाश अंचल, समाजसेवी निर्भय नारायण सिंह, बैरिया तहसील के सैनिक संगठन, सपा नेता तारकेश्वर मिश्र, व्यास जी गोड़ के अलाव 10 से अधिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने श्रद्धांजलि दी। सैनिक संघ के सदस्यों ने भी शहीद स्मारक पर फूल माला चढ़ाई। अलग से मंच लगाकर शहीदों को याद किया।
सेनानी व सेनानी परिवार को परंपरा के अनुसार श्रद्धांजलि के बाद प्रशासन द्वारा तहसील में सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष बैरिया नगर पंचायत की ओर से सम्मान करने की व्यवस्था की गई थी। जिसमें सेनानी रामविचार पाण्डेय व अन्य सेनानी परिवारों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर तहसील प्रशासन की तरफ कानूनगो शिवप्रसाद गुप्ता भी मौजूद रहे।
14 अगस्त 1942 के दिन क्षेत्र के रणबांकुरों ने बैरिया थाना से जैक उतारकर तिरंगा फहरा दिया था। थानाध्यक्ष काजिम हुसैन ने तिरंगा उतार कर फिर जैक लगा दिया था। जिसके विरोध में करीब पच्चीस हजार आंदोलनकारियों ने 18 अगस्त बैरिया थाना घेर लिया था। पुलिस की ने गोलियां चलवा दी थीं। इसमें 20 क्रांतिकारी बलिदान हो गए थे। जबकि दो की जेल यातना में मृत्यु हो गई थी।
000
इन्होंने दी थी शहादत
जयप्रकाश नगर। शहीद होने वालों में गोंहिया छपरा निवासी निर्भय कृष्ण राय, विशुनपुरा निवासी देव वसन कोइरी, तिवारी के मिल्की निवासी राम जन्म गौड, राम प्रसाद उपाध्याय चांदपुर, गुदरी टोला निवासी मैनेजर सिंह, नारायण गढ़ निवासी कौशल कुमार सिंह, सोन बरसा निवासी रामदेव कुम्हार, बैरिया निवासी राम वृक्ष राय, राम नगीना सोनार, छट्ठू कमकर, देवकी सोनार, शुभनथही निवासी धर्मदेव मिश्र, मुरारपट्टी निवासी श्रीराम तिवारी, बहुआरा निवासी मुक्ति नाथ तिवारी, श्रीपालपुर विक्रम सोनार, भगवानपुर निवासी भीम अहीर, दया छपरा निवासी गद्दाधर पाण्डेय, मधुबनी निवासी गौरी शंकर राय, गंगापुर निवासी राम रेखा शर्मा शामिल रहे।
000
पूर्व विधायक ने किया आह्वान
जयप्रकाश नगर। पूर्व विधायक बैरिया सुरेंद्र सिंह के अगुवाई में हजारों कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लिए भारत माता की जय का नारा लगाते हुए पहुंचे और शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि दी। उसी समय बारिश आ गई और कार्यकर्ता इधर उधर जाने लगे। इस बीच पूर्व विधायक ने आह्वान किया कि यदि काफिरों से लड़ना है तो बाढ़ और बारिश में डटे रहना होगा।
000
साफ-सफाई नहीं होने से क्षुब्ध दिखे लोग
दयाछपरा। दयाछपरा निवासी शहीद गदाधर पाण्डेय के पौत्र कन्हैया पाण्डेय ने शहीद स्मारक पर फूल माला चढ़ाने के बाद भारी मन से कहा कि क्या देश पर मर मिटने वालों के प्रति शासन प्रशासन या जन प्रतिनिधि इस स्थल कि सफाई नहीं करा सकते। रामपुर के सेनानी राजकुमार बाबा के पौत्र ओम प्रकाश मिश्र ने कहा कि जब तक दया छपरा निवासी उत्तम पाण्डेय स्वस्थ थे तो चंदा जुटाकर शहीद स्मारक स्थल की सफाई के साथ ही सर्वदलीय मंच लगा कर मेले का आयोजन करते थे।
000
सुरक्षा के लिहाज से तैनात रही आठ थानों की पुलिस
दयाछपरा। बैरिया शहिद स्मारक स्थल पर पुलिस कि व्यवस्था सुदृढ़ रही। क्षेत्राधिकारी बैरिया मु. फहीम कुरैशी ने बताया कि पहले ही सभी जनप्रतिनिधियों को समय की सूचना दे दी गई थी। 8 थानाें की पुलिस सुरक्षा में लगाई गई थी। संवाद
000
बांसडीह में विधायक ने किया सेनानियों काे सम्मानित
बांसडीह। स्वतंत्रता सेनानी और उत्तराधिकारियों का दल वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी रामविचार पांडेय के नेतृत्व में बांसडीह पहुंचा। स्थानीय विधायक केतकी सिंह सहित उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी व तहसीलदार नितिन सिंह, दीपक सिंह, कोतवाली निरीक्षक संजय सिंह, एसआई ओमवीर सिंह आदि ने सेनानी और उत्तराधिकारियों का स्वागत किया। सर्वप्रथम सप्तऋषि द्वार पर पुष्प अर्पित करने के बाद बांसडीह डाकबंगला स्थित शहीद पंडित रामदहीन ओझा के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस मौके पर विधायक केतकी सिंह ने सेनानी उत्तराधिकारियों को अंगवस्त्र सम्मानित किया। संवाद