बांसडीह । तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत नकहरा तिवारी में सरकारी खाद्यान्न वितरण में अनियमितता और गोदाम से राशन गायब मिलने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि डीएम के अनुमोदन के बाद पुलिस ने संबंधित कोटेदार अजीत कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच में सितंबर, अक्टूबर और नवंबर 2026 का कुल 133.95 क्विंटल खाद्यान्न तथा 18 किलोग्राम चीनी स्टॉक में दर्ज होने के बावजूद गोदाम खाली मिला।
ग्राम पंचायत के प्रशासक अजय कुमार की शिकायत पर बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बांसडीह राजेश मिश्र ने उचित दर की दुकान का निरीक्षण कर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। विभागीय ऑनलाइन रिपोर्ट और ई-पॉस मशीन के अनुसार दुकान पर 23.14 क्विंटल गेहूं, 82.12 क्विंटल चावल, 9.51 क्विंटल मक्का और 18 किलोग्राम चीनी अवशेष होनी चाहिए थी। लेकिन मौके पर गोदाम पूरी तरह खाली मिला।
जांच के दौरान दुकान पर साइन बोर्ड, स्टॉक बोर्ड, रेट बोर्ड और अंत्योदय कार्डधारकों की सूची भी प्रदर्शित नहीं मिली। मांगने पर स्टॉक और बिक्री रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं कराया गया। मौके पर मौजूद कार्डधारकों तेतरी, सुनीता देवी, गुड़िया देवी और संगीता ने बताया कि उन्हें पिछले तीन-चार महीने से राशन नहीं मिला है। संवाद