बलिया। विद्युत निगम में चलाई जा रही ओटीएस योजना का लाभ बकायेदार नहीं उठा रहे हैं। इसके लिए प्रतिदिन कनेक्शन काटे जा रहे है। इसके बाद भी राजस्व वसूली का ग्राॅफ नहीं बढ़ रहा है। आंकड़ों पर गौर करें तो जिले में 226075 कनेक्शनधारियों पर 440 करोड़ का बकाया था।
बकाया बिल के ब्याज माफ कर धनराशि जमा करने के लिए सरकार ने तीन चरण में ओटीएस योजना का संचालन किया। योजना अब 28 फरवरी तक ही होगा। अभी तक 55588 बकायेदारों ने ओटीएस में पंजीयन कराया है। इनसे 39.44 करोड़ की राजस्व वसूली की गई है। जो कुल बकाया का 8.9 प्रतिशत है।
इस दौरान चार हजार से अधिक बकायेदारों के कनेक्शन भी काटा है। विभाग की तरफ से ओटीएस शुरू होने पर सबसे पहले इस तरह के 97 हजार उपभोक्ताओं से फोन से संपर्क किया था। साथ ही नोटिस भी जारी किया गया। अधीक्षण अभियंता लाल सिंह ने कहा कि ओटीएस योजना में कम समय बचा है। बड़े बकायेदारों से वसूली के लिए टीम बनाकर छापा मारा जा रहा है। इसके लिए अधिशासी अभियंता, एसडीओ व जेई को भी लक्ष्य दिया गया है।