बलिया। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को नामांकन के लिए बैरीकेडिंग का कार्य शुरू हो गया। शुक्रवार से विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन शुरू होगा। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कलेक्ट्रेट परिसर में बैरीकेडिंग की गई है। नामांकन के दिन परिसर में आम नागरिकों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
विधानसभा चुनाव के छठे चरण के लिए नामांकन के लिए चार से 11 फरवरी तक समय निर्धारित किया गया है। सात विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग नामांकन स्थल बनाए गए है। यहां प्रत्याशी के अलावा उसके प्रस्तावक को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी। नामांकन नामांकन के दिन टीडी कालेज चौराहा से होकर गुजरने वाले मार्ग आम जन के आवागमन के लिए खुला रहेगा, मगर इस मार्ग से कलेक्ट्रेट में कोई भी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। उपजिला निर्वाचन कार्यालय राजेश कुमार ने बताया कि नामांकन के लिए सभी स्थलों को बैरीकेडिंग करा दी गई है,जिससे आम जन का प्रवेश रोका जा सके। नामांकन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट है। अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी ने बताया कि नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में पर्याप्त पुलिस फोर्स लगाई गई है। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश व निकास वाले सभी मार्गों पर उपनिरीक्षकों के साथ पुलिस कर्मी भी मौजूद रहेंगे। ताकि अनाधिकृति व्यक्तियों का प्रवेश रोका जा सकें। टीडी कालेज चौराहा पर यातायात को नियंत्रित करने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस की भी मौजूद गी रहेगी।
---
नामांकन कक्ष में तीसरी आंख करेगी निगाहबानी
नामांकन प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए सभी नामांकन स्थलों पर बृहस्पतिवार को 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इनमें सात कैमरे सभी विधान सभा के लिए लिए निर्धारित कक्षों में और नौ कैमरे परिसर में लगाए गए है, जो उम्मीदवारों और उनके समर्थकों तथा प्रस्तावकों की गतिविधियां रिकार्ड करेंगे।
---
यहां होगा नामांकन
- 357 बेल्थरारोड(सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित चकबंदी कार्यालय में नामांकन होगा।
-358 रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बंदोबस्त अधिकारी कार्यालय में नामांकन होगा।
-359 सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में नामांकन पत्र जमा होंगे।
- 360 फेफना विधानसभा क्षेत्र के लिए माडल तहसील स्थित तहसीलदार कोर्ट में नामांकन होगा।
-361 बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र के लिए माडल तहसील स्थित एसडीएम सदर कोर्ट में नामांकन पत्र लिया जाएगा।
-362 बांसडीह विधान सभा के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सीआरओ कोर्ट में नामांकन पत्र जमा होगा।
-363 बैरिया विधान सभा के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एडीएम कोर्ट में नामांकन पत्र लिया जाएगा।
-------
आरओ को उपलब्ध करानी होगी रिपोर्ट
11 फरवरी तक चलने वाली इस प्रक्रिया में सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए तैनात किए गए निर्वाचन अधिकारी (आरओ) को प्रतिदिन नामांकन के संबंध में दस बिंदुओं की रिपोर्ट उपलब्ध करानी होगी। निर्वाचन अधिकारी को प्रतिदिन प्रारूप पर जिन दस बिंदुओं की रिपोर्ट देनी है, उसमें नाम निर्देशन पत्र की क्रम संख्या, अभ्यर्थी का नाम, पिता, माता अथवा पति का नाम, अभ्यर्थी की आयु, उसका पता, उसकी दलीय संबद्धता, अनुसूचित जाति व जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए जाति व जनजाति की विशिष्टता, अभ्यर्थी की निर्वाचक नामावली संख्या, प्रस्तावकों का नाम तथा प्रस्तावकों की निर्वाचक नामावली की संख्या शामिल हैं।
------