योगी के लिए भाजपाई ही बनेंगे खतरा: राम गोविंद
अमर उजाला ब्यूरो
बलिया। सपा के वरिष्ठ नेता व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यप्रणाली से भाजपा के लोग ही सबसे अधिक पीड़ित हैं। भाजपा में इस समय कई लोग ऐसे हैं जो उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में नहीं देखना चाहते हैं। कहा कि मैंने तो ये बात विधान सभा में भी कही थी, लेकिन तब इस बात को हंसी में उड़ा दिया गया था।
लखनऊ से फोन पर अमर उजाला से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विपक्ष की बजाय भाजपा से ही खतरा है। वे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, सरकार के मंत्रियों, विधायक व पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग व सुझाव को नजरअंदाज करते हैं। इस वजह से भाजपा से जुड़े लोगों में भारी असंतोष है। वे मुख्यमंत्री से बेहद क्षुब्ध हैं तथा उनको एक मिनट भी मुख्यमंत्री के पद पर नहीं देखना चाहते ।