बलिया। प्रशासन का खाद की उपलब्धता का दावा साधन सहकारी समितियों पर दिखाई नहीं पड़ रहा है। फिलहाल कई समितियों पर इन छुट्टी के दिनों में खाद पहुंच गई है लेकिन अभी भी किसान समितियों का चक्कर काट रहे हैं। 140 में से 35 समितियों को ही खाद मिली है। बाकी पर ताले लटके हैं।
अधिकांश साधन सहकारी समितियों तक खाद न पहुंचाने से किसान प्रतिदिन चक्कर काट रहे हैं। मुख्यालय पर पर्याप्त मात्रा में खाद होने का दावा प्रशासन लगातार कर रहा है। डीएम स्तर से आवंटन होने के बाद भी समितियों पर खाद नहीं पहुंचने से किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। समितियों पर खाद की अनुपलब्धता पर ताला लटका हुआ है। वहीं, सचिव डिमांड की बात कहकर किसानों को भेज दे रहे हैं। इससे किसानों के सामने कई तरह की उलझन है। अभी एग्रो की कई समितियों पर डाई नहीं पहुंच सकी है।
बैरिया तहसील के कोटवां, नारायणगढ़-श्रीनगर, मधुबनी- चाई छपरा, कोटवा, हनुमानगंज व नारायणगढ़ -श्रीनगर पर खाद का अभाव है। ऐसा ही हाल चितबड़ागांव क्षेत्र के अधिकांश समितियों पर है।
-
वर्जन
जिले में 4250 टन उर्वरक उपलब्ध है। इसमें से 1000 टन आवंटन हुआ है। 35 समितियों पर खाद उपलब्ध करा दी गई है। जिले में 140 समितियां काम कर रही हैं। एक समिति पर 20 टन डीएपी व 5 टन यूरिया भेजी गई है। समितियां का धन जैसे-जैसे जमा होगा, खाद समितियों पर पहुंचती रहेगी। जिले में खाद की कमी नहीं है। -एलबी मल्ल, एआर।