इंदरपुर। भाजपा कार्यकर्ता मुन्ना बहादुर के प्रकरण में पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह के बाद अब पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने एकपक्षीय कार्रवाई की निंदा करते हुए अमानवीय करार दिया है।
अपने फेसबुक के वाॅल पर भाजपा के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने लिखा है कि प्रदेश के ऊर्जा मंत्री व मुख्यमंत्री से मिल कर इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग करूंगा। पूर्व विधायक ने लिखा है कि मुन्ना बहादुर इस कठिन समय में साहस बनाए रखें। बिजली निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों के भ्रष्ट रवैये से कोई अनजान नहीं है। जब मुन्ना बहादुर ने इसके खिलाफ आवाज उठाई तो उन पर एक पक्षीय कार्रवाई हुई, जो निंदनीय और अमानवीय है। हम झगड़े व टकराव को अच्छा नहीं मानते हैं, लेकिन यदि उद्देश्य समाज को न्याय दिलाना हो तो उसे अपराध नहीं माना जा सकता। प्रशासन निष्पक्ष होकर सच्चाई सामने लाए, न कि दबाव में एकतरफा कार्रवाई करे। वहीं, बलिया में विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता और भाजपा कार्यकर्ता मुन्ना बहादुर सिंह के बीच हुआ विवाद के मामले में शांभवी पीठ के पीठाधीश्वर व काली सेना प्रमुख आनंद स्वरूप महाराज भी शामिल हो गए हैं। आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि मुन्ना बहादुर सिंह को पुलिस अस्पताल से केवल इसलिए घसीटती हुई थाने ले गई क्योंकि उनके खिलाफ एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। आखिर वो कौन लोग हैं, जो भाजपा कार्यकताओं को अपमानित कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ खड़े होने के लिए बैरिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह की सराहना की।
भाजपा कार्यकर्ता के समर्थन में आए पूर्व मंत्री
नवानगर। पूर्व मंत्री राजधारी सिंह ने मंगलवार को कहा कि बिजली को लेकर केवल मुन्ना बहादुर की नहीं बल्कि पूरे जिले की लड़ाई है। कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक सुचारू रूप से बिजली पहुंचाना है, लेकिन बिजली निगम के अधिकारियों की लापरवाही से जनता परेशान है। क्षेत्र में नियमित आपूर्ति न होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर निगम सही तरीके से काम करता तो लोगों को बार-बार अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने हाल की घटना की निंदा करते हुए कहा कि इसमें निगम के कर्मचारी भी दोषी हैं। बताया कि मुन्ना बहादुर पूर्व में कई बार कार्यालय जाकर निवेदन कर चुके थे, मगर समस्या का समाधान नहीं हुआ। पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को लेकर संघर्षरत हैं और पार्टी पूरी मजबूती से मुन्ना बहादुर के साथ खड़ी है।