बलिया। जनपद से शिक्षित, प्रशिक्षित 200 युवाओं ने लखनऊ में होने वाले रोजगार महाकुंभ में जाने के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें से 160 युवाओं ने देश तथा 40 युवाओं ने विदेश में रोजगार के लिए पंजीकरण कराया है। इन युवाओं ने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, स्नातक, बीटेक, पैरामेडिकल कोर्स आदि किया है। रोजगार महाकुंभ 26 अगस्त, 27 अगस्त, 28 अगस्त को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर, लखनऊ में आयोजित होगा।
बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए शासन, सेवायोजन उप्र की 26, 27 एवं 28 अगस्त को रोजगार महाकुंभ, कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन कराया जा रहा है। इसमें बलिया समेत सभी जनपदों के शिक्षित, प्रशिक्षित बेरोजगार को आमंत्रित किया गया है। सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि रोजगार महाकुंभ में 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसमें देश विदेश की कंपनियां आएंगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन बायोडाटा, साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। बताया कि इच्छुक युवा उत्तर प्रदेश सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए युवा पोर्टल पर आवेदन करें। सहायक सेवा योजन अधिकारी ने बताया कि अभी तक करीब 200 युवाओं ने आवेदन किया है। इस कार्य के लिए कोई मार्ग खर्च देय नहीं होगा। मुख्यमंत्री युवा स्टाल पर स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी मिलेगी।
श्रमिक वर्ग, कुशल कामगार को मिलेगा अवसर
सहायक सेवा योजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार महाकुंभ में श्रमिक वर्ग, कुशल कामगार, अकुशल कामगार भी प्रतिभाग कर सकेंगे। रोजगार महाकुंभ में (यूएई) सऊदी अरब, जापान, जर्मनी, और इजराइल जैसे देशों में भी रोजगार के दस हजार से अधिक अवसर मिलेंगे।