मनियर के पिलूई में बिजली गिरने से हुई मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : BALLIA
मनियर। क्षेत्र के पिलूई गांव में बृहस्पतिवार की सुबह शौच करने गए तीन युवक बिजली गिरने से झुलस गए। आसपास के लोग तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर ले गए जहां चिकित्सक ने एक को मृत्यु घोषित कर दिया। शेष दो को इलाज के बाद छोड़ दिया गया ।
पिलूई गांव निवासी विजयशंकर राजभर (21) पुत्र सुखयी राजभर, शिवजी (18) पुत्र रामनाथ राजभर, बादल राजभर (16) पुत्र मुन्ना राजभर बृहस्पतिवार की सुबह शौच करने गांव से बाहर गये थे। जहां तीनों आकाशीय बिजली के चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। आस पास के लोगों ने किसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया, जहां पर उपस्थित डाक्टर ने विजयशंकर को मृत घोषित कर दिया। वही अन्य दो युवकों को इलाज के बाद छोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीनों परिवारों में कोहराम मच गया। विजय शंकर की शादी एक वर्ष पूर्व खेजुरी थाना क्षेत्र के जीगीरीसड़ निवासी बजरंगी राजभर की पुत्री कुमारी कंचन से हुई थी।
-
सर्प दंश से किशोरी की मौत
मनियर। क्षेत्र के बड़सरी जागीर में बुधवार की देर रात सर्प के काटने से किशोरी की मौत हो गई। बताया जाता है कि बड़सरी जागीर निवासी जितेंद्र यादव की 15 वर्षीय पुत्री रागिनी यादव अपने बिस्तर पर सो रही थी। इसीबीच देर रात सर्प ने डस लिया। चिखने चिल्लाने की आवाज पर परिजन आनन फानन में झाड़ फूंक कराने के लिए बांसडीह रोड के अमवा की सती स्थान ले गए। लेकिन लड़की को बचाया नहीं जा सका। परिजनों ने गुरुवार को लड़की का दाह संस्कार कर दिया।