एसीएमओ डॉ. वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीम ने बृहस्पतिवार को इब्राहिमपट्टी में 100 बेड के अस्पताल के लिए सर्वे किया। करीब तीन घंटे तक चले सर्वे के दौरान टीम ने अस्पताल के भवन का निरीक्षण किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर के अधीक्षक डॉ. तनवीर आजम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल देखा और बिजली, पानी और स्टाफ की लिस्ट तैयार की गई। इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रेषित की जाएगी। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से सर्वे किया जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के प्रयास से रचना चक्र के तहत भव्य अस्पताल का निर्माण कराया गया था। इस बाबत विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह पप्पू ने सीएम से मुलाकात कर अस्पताल में चिकित्सा व स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त कराने की मांग की थी। अब अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सर्वे कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों के माध्यम से शासन को प्रेषित की जाएगी। सर्वे के बाद अब लोगों में आस जगी है कि पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर का सपना साकार होने वाला है।