जयप्रकाश नगर। बैरिया थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय डोमन टोला के पास बुधवार की भोर में लगभग तीन बजे बारात से लौट रहे शिक्षक निशांत मिश्र की बाइक लुटेरों ने असलहे के बल पर लूटने का प्रयास किया। शिक्षक के पुत्र नमन मिश्र (18) के चीखने लुटेरों ने उसे मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। पीछे से अन्य बारातियों को आते देख लुटेरे मौके से भाग खड़े हुए।
बैरिया थाना क्षेत्र के मिश्र के मठिया गांव निवासी योगेश मिश्र के यहां से बारात बैरिया थाना क्षेत्र के डोमन टोला गांव में सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार पांडेय के यहां मंगलवार को गई थी। रात में शादी संपन्न होने के बाद भोर में शिक्षक व मिश्र के मठिया गांव निवासी निशांत मिश्रा अपने पुत्र नमन मिश्रा के साथ बाइक से अपने घर के लिए निकल गए। अभी दोकटी थाना क्षेत्र के नीलम देवी महाविद्यालय के सामने पहुंचे ही थे कि चार की संख्या में बदमाश सड़क पर खड़े थे। जिन्होंने उन्हें रोकने का संकेत किया। जैसे ही निशांत मिश्र रुके उनकी बाइक को लूटने लगे। पीछे बैठा नमन ने शोर मचाना शुरू कर दिया तो उसे बुरी तरह से बदमाशों ने पीट दिया। पीछे से अन्य बारातियों को मोटरसाइकिल से आता देख बदमाश मौके से फरार हो गए। वहीं, इस बात की भी चर्चा थी कि बरात में हो रहे नाच में घटना के करीब आधा घंटे पूर्व ही कुछ अनजाने नवयुवक भोजपुरी गाने की मांग कर रहे थे। लोगों द्वारा मना करने पर वह बरात से चुपचाप चले गए। इस बाबत क्षेत्राधिकारी बैरिया अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं है। सम्बंधित मामले की जानकारी कर उचित कार्यवाही की जाएगी।