बलिया। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं नगर को जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा ने रविवार को पुलिस लाइन से दो सचल दस्ता बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सचल दस्ता नगर में सड़क पर खड़े दो व चार पहिया वाहनों का फोटो खींचेगी और ई-चालान करेगी। इसके अलावा दुकान के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण किए दुकानदारों का फोटो निकालेगी। अगले दिन दुुकानदार को नोटिस दिया जाएगा। पुन: अतिक्रमण करने पर संबंधित थाना की ओर से मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सड़क के किनारे दुकान के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण से नगर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके लिए नगर में दो सचल दस्तों को तैनात किया गया है। एक बाइक पर दो कर्मचारी नगर का भ्रमण करेंगे। यह सचल दस्ता सुबह 10 से शाम छह बजे तक नगर के विभिन्न स्थानों पर चक्रमण करता रहेगा। शहर में जिन दुकानदारों की ओर से अतिक्रमण किया जाएगा, उन्हें प्रथम बार नोटिस देते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए कहा जाएगा। अन्यथा की स्थिति में दूसरी बार उनका चालान किया जाएगा। संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा शहर में सड़क पर खड़े किए गए वाहनों का भी ई-चालान किया जाएगा। एसपी ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति ने सड़क पर अपना वाहन खड़ा किया है तो उसकी सचल दस्ती टीम फोटो खींचेंगी और ई-चालान करेगी। इसके अलावा जो वाहन चालक या दुकानदार सचल दस्ता टीम से उलझेगा उसके विरुद्ध थाने में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने दुुकानदारों एवं वाहन स्वामियों से अपील की कि दुकान के बाहर सामान रखकर पटरी पर अतिक्रमण ना करें। वाहन स्वामी सड़क पर वाहन न खड़ा करें। बल्कि यातायात पुलिस का सहयोग करें। इस मौके पर यातायात नोडल अधिकारी/ सीओ सिटी एके सिंह, टीएसआई सुरेश चंद्र द्विवेदी, आरआई अरुण कुमार सिंह, त्रिगुणानंद मिश्रा, सुशील कुमार, संदीप कुमार आदि रहे।