छूटे पात्रों का आठ फरवरी को बनेगा गोल्डेन कार्ड
बेल्थरारोड। सीयर के खंड विकास अधिकारी गजेंद्र कुमार सिंह ने ब्लॉक परिसर में बैठक कर आठ फरवरी से छूटे पात्रों का गोल्डेन कार्ड बनाने को कहा। साथ ही दस फरवरी को वजन दिवस मनाने को लेकर चर्चा की गई।
बीडीओ ने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर आठ फरवरी को गोल्डेन कार्ड बनाया जाएगा। आयुष्मान भारत कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के पात्र लाभार्थियों को जनसेवा केंद्रों पर पहुंचा कर गोल्डेन कार्ड बनवाया जाएगा। पात्र लाभार्थियों को जनसेवा केंद्रों पर पहुंचाने का दायित्व शिक्षामित्र, सफाईकर्मी, राशन कोटेदार, रोजगार सेवक, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का है। इसी प्रकार कुपोषित बच्चों व गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर आंगनबाड़ी केंद्रों के पंजीकृत छह माह से पांच वर्ष तक के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण किया जाएगा। इस दौरान सीडीपीओ सरस्वती शाक्या ने बैठक में मौजूद अधिकारियों से इससे संबंधित उपकरणों का सत्यापन कराया। शाक्या ने कहा कि उपकरणों के संचालन के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ तनवीर आजम, पूर्ति निरीक्षक राहुल कुमार भारतीय, आनंद राव, लीलावती वर्मा, आशीष यादव आदि रहे।