बलिया। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार को नई गति देने के उद्देश्य से मनरेगा के स्थान पर लागू की गई वीबी-जी रामजी (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना की बृहस्पतिवार से शुरुआत हुई। इसमें 300 रुपये दिहाड़ी, 125 दिन रोजगार की गारंटी है।
जिले के 17 ब्लाॅक के दो-दो ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नई योजनाओं के फायदे लोगों को बताए गए। वहीं 153 गांवों में कार्यों की शुरुआत की गई। डीसी रिचा सिंह ने बताया कि वीबी जी राम जी योजना की शुरुआत हुई है। गांव के लोगों को योजना से होने वाले कार्यों की बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया।
इधर, सीयर ब्लॉक से विधिवत शुभारंभ हो गया। सीयर ब्लॉक के ससना बहादुरपुर गांव में सुबह योजना के तहत पहले कार्य का शुभारंभ किया गया। खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश की मौजूदगी तथा प्रधान प्रतिनिधि रमाशंकर यादव उर्फ बाउल की देखरेख में चकरोड पर मिट्टी कार्य शुरू कराया गया।
उन्होंने कहा कि अब पात्र श्रमिकों को 252 रुपये के स्थान पर 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी मिलेगी। इसके अलावा प्रत्येक पात्र परिवार को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी प्रदान की जाएगी। पहले ही दिन करीब 50 से अधिक जॉब कार्डधारक श्रमिकों ने कार्यस्थल पर पहुंचकर काम शुरू किया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि नई योजना से गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और मजदूरों को पलायन करने की आवश्यकता कम होगी।