बांसडीह। तहसील क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव में विद्युत करंट की चपेट में आने से हुई दिवंगत मिठाई लाल की मौत के मामले में मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया में कथित हीलाहवाली पर लेखपाल और कानूनगो के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के निर्देश पर एसडीएम बांसडीह डॉ. पुष्कर मिश्रा ने संबंधित लेखपाल राकेश शाह और कानूनगो श्याम बिहारी तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मृतक की पत्नी ममता देवी ने शनिवार को बांसडीह तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम से शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि उनके पति की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हुए करीब एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन अब तक परिवार को कोई आर्थिक सहायता नहीं मिल सकी है।
लंबे समय से मुआवजे की आस लगाए परिवार को सहायता न मिलने की शिकायत को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया।
शिकायत सुनने के बाद डीएम ने संबंधित लेखपाल और कानूनगो की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश एसडीएम को दिए। इसके बाद एसडीएम ने दोनों राजस्व कर्मियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा ने बताया कि प्रकरण में संबंधित लेखपाल और कानूनगो से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।