बलिया पंचायतों के रिक्त पदों पर हो रहे उप चुनाव में भी ग्राम पंचायत सदस्य पद को लेकर लोग उदासीन बने हुए हैं। पंचायत चुनाव के दौरान कुल 12098 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए चुनाव कराया गया, लेकिन 100 पद खाली रह गए। इसके उपचुनाव में भी कुछ पदों पर ही एक से अधिक दावेदार हैं तो अधिकांश पर केवल एक ने दावेदारी की है। इस बार भी 30 पदों पर कोई दावेदारी नहीं है। जबकि ग्राम प्रधान के दो पदों के लिए पांच लोगों ने दावेदारी ठोकी है।
जिले के कुल 940 ग्राम पंचायतों में कुल 12098 ग्राम पंचायत सदस्यों के अलग-अलग श्रेणी के लिए आरक्षित व सामान्य पद हैं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से ग्राम पंचायत सदस्यों की भूमिका को नजरअंदाज करने के कारण इस पद को लेकर लोगों में उदासीनता बनी हुई है। अधिकांश ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के प्रत्याशियों के सहयोग से ही नामांकन होता है लेकिन इसके बावजूद सभी पदों पद चुनाव नहीं हो पा रहा है। इतना ही नहीं पंचायत चुनाव के बाद भी 23 ग्राम पंचायत सदस्यों ने त्याग पत्र दे दिया जिससे यह पद भी रिक्त रह गए। हो रहे उपचुनाव में रविवार को कुल 100 पदों के लिए नामांकन प्रकिया शुरु की गई लेकिन 30 पदों पर किसी ने दावेदारी नहीं की। जबकि कुल 83 पर्चे भरे गए जिसमें केवल 19 पदों पर ही दो या इससे अधिक पर्चे दाखिल हुए हैं।
---------------------
यहां रह गए थे रिक्त पद
गड़वार ब्लॉक में आठ गांवों के 9, चिलकहर में चार गांवों के 9, दुबहड़ के पांच गांवों के पांच, नगरा के तीन गांवों में एक-एक, पंदह में एक व बैरिया ब्लॉक में तीन गांवों के एक-एक पद रिक्त थे। इसके अलावा बेलहरी में दो, बांसडीह में 12 गांवों के 15, मनियर के चार, मुरली छपरा के एक, रेवती के तीन, रसड़ा में दो गांवों के तीन, सीयर में 12 गांवों के 17, सोहांव में छह गांवों के 9, हनुमानगंज में 10 गांवों के 16 पद रिक्त थे जहां उपचुनाव होने हैं।
-------------------------
इन कारणों से पद रहे रिक्त
- 9 सदस्यों की मृत्यु
- 23 का त्याग पत्र
- 26 का नामांकन नहीं होने के कारण
- 42 अन्य कारणों से रिक्त रह गया
---------------------
उप चुनाव में ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए भी नामांकन हुआ है। अभी भी 30 पदों पर किसी ने दावेदारी नहीं की है। इसकी सूचना राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी गई है।
- बी. राम, जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी, बलिया।