रहत कार्य में जुटे स्थानीय लोग और राहत टीम
- फोटो : अमर उजाला
बेटी पिता के मोबाइल फोन से आनंद विहार जंक्शन पर खींची गई मां-बहन की तस्वीर को चूम रही है। बच्ची को ऐसा करते देखकर अस्पताल में मौजूद हर किसी की आंखें छलछला जा रही है। दीपक भंडारी ने बताया कि वह दिल्ली के एक बार में नौकरी करते हैं। वहां से छुट्टी लेकर अपने गांव जलपाईगुड़ी जा रहे थे। आनंद विहार स्टेशन पर पत्नी और बेटियों के साथ सेल्फी ली। उसके बाद सफर शुरू हुआ। बक्सर रेलवे स्टेशन से ट्रेन आगे बढ़ने लगी हम लोग सोने जा रहे थे।
हादसे के बाद लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
थोड़ी देर बाद अचानक तेज झटके लगे और तेज आवाज के साथ हमारी बोगी पलट गई। कुछ समझ नहीं आया। पूरी बोगी में चीखपुकार मच गई। उसके बाद से तो सबकुछ सामने है। दीपक ने रूंधे गले से कहा, मुझे क्या मालूम था कि उनका या सफर अधूरा ही रह जाएगा। सेल्फी भी आखिरी ही होगी। इसकी कल्पना भी मैंने नहीं की थी। दुर्घटना के बाद बक्सर के डीएम ने दीपक भंडारी को शासन की तरफ से आठ लाख रुपये का चेक भी सौंपा।
आनंद विहार से कामाख्या जा रही नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के रघुनाथपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण अप और डाउन लाइन बाधित है। इसके कारण गुरुवार को पटना रूट पर अप और डाउन पटना बनारस जनशताब्दी एक्सप्रेस, पटना पीडीडीयू मेमू स्पेशल और पीडीडीयू पटना एक्सप्रेस सहित 12 ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया। वहीं 36 से अधिक ट्रेनों को बदले हुए रास्ते से चलाया जा रहा है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। वहीं 36 से अधिक ट्रेनों के वाया गया समेत अन्य मार्गों से चलाया गया।
नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण रूट बाधित है और इस रूट की ट्रेनों को गया रूट से चलाया जा रहा है। इससे पटना-गया रूट पर भी ट्रेनों की टाइमिंग गड़बड़ा गई है। इस रूट पर ट्रेनें घंटों देरी से चल रही है। गुरुवार को इंदौर-पटना डेढ़ घंटे, मुंबई लोकमान्य तिलक-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस एक घंटे, डाउन कोटा-पटना ढाई घंटे, अप पुरुषोत्तम एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, डाउन नंदनकानन डेढ़ घंटे, बाड़मेर एक्सप्रेस एक घंटे, चंबल एक्सप्रेस एक घंटे, अप श्रमजीवी एक्सप्रेस सात घंटे, अप बरौनी स्पेशल फेयर तीन घंटे और डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक पांच घंटे की देरी से चली।
वाराणसी-छपरा रूट पर बक्सर-पटना रूट की आधा दर्जन ट्रेनें बलिया स्टेशन से होकर गुजरी। इसमें डाउन की संख्या ज्यादा रही। अधीक्षक सुनील सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारण उक्त रूट का मरम्मत कार्य चल रहा है। जिससे सभी ट्रेनों को रूट डायर्वट कर चलाया जा रहा है। दानापुर मंडल में ट्रेन दुर्घटना के बाद सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरी तरह अलर्ट हैं। ट्रेनों के आवागमन को देखते हुए मेन लाइन के अलावा दो व तीन नम्बर को खाली रखा गया। जनपद के सैकड़ों लोग दक्षिण भारत, मुम्बई सहित अन्य महानगरों के लिए बक्सर से ट्रेन पकड़ते हैं। बक्सर रूट पर ट्रेनों का परिचालन बंद होने से उक्त रूट पर यात्रा करने वाले दजनों यात्री स्टेशन से वाराणसी जाकर दूसरी ट्रेन पकड़ अपने गंत्वय को रवाना हुए। वाराणसी व हाजीपुर जाने वाली ट्रेनों में अतरिक्त भीड़ रही।