नगरा। होली का त्योहार शांति एवं सौहार्द्र पूर्ण माहौल में मनाने के लिए थाना परिसर में सोमवार को शांति समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए एसडीएम बेल्थरा रोड राजेश कुमार यादव ने कहा कि होली भाई चारा एवं सौहार्द्र का त्योहार है। सभी लोगो को मिलजुल कर इस त्योहार को मनाना चाहिए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि होली के त्योहार पर न तो कहीं जुलूस निकलेगा और न ही डीजे बजाया जाएगा। अप्रिय घटना की सूचना तत्काल थाना प्रभारी नगरा को देने की अपील की।
क्षेत्राधिकारी रसड़ा केपी सिंह ने कहा कि होलिका दहन का स्थान किसी भी सूरत में नहीं बदला जाएगा। यदि कोई दिक्कत हो तो इसकी सूचना थाने पर दें। आपस में मिल बैठ कर समस्या का निदान कराया जाएगा। तहसीलदार रसड़ा रामनारायण वर्मा ने कहा कि होली प्रेम व सद्भाव का प्रतीक है। इसे उसी रुप में मनाएं। थाना प्रभारी यादवेन्द्र पांडेय ने कहा कि होली के दिन बच्चों को मोटरसाइकिल न दें। होलिका दहन के स्थान पर संबंधित प्रधान बालू की बोरी व पानी की व्यवस्था रखें, ताकि किसी भी विषम परिस्थिति से आसानी से निपटा जा सके। इस मौके पर एसआई मायापति पांडेय, वीरेंद्र सिंह, देवेन्द्र सिंह, अजय सिंह, रणंजय सिंह, एडवोकेट सफीक अहमद, मो रब्बानी, रिजवान भाई, गुलाब चंद यादव, संजय वर्मा, मौलाना गुलाम नबी, रामायण ठाकुर, मनोज सिंह आदि मौजूद थे।
सिकन्दरपुर पुलिस चौकी प्रांगण में सोमवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें होली के त्योहार को लेकर चर्चा किया गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने साफ-सफाई, बिजली, पानी एवं जाम की समस्या का मुद्दा छाया रहा। जिस पर अधिकारियों ने गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए समस्या का समाधान त्योहार से पहले पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी सिकन्दरपुर पवन कुमार ने कहा कि त्योहार आपसी सौहार्द का प्रतीक होता है। इसे दोनों समुदाय के लोगों को मिलजुलकर मनाना चाहिए। कहा कि अफवाहों पर ध्यान ना दें छोटे-छोटे मामलों को समय रहते निपटा दें। वहीं पुलिस को भी समय रहते जानकारी दें, ताकि समस्याओं का समय से निस्तारण कराया जा सके। प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र ने कहा कि होली के त्योहार में शराब का सेवन ना करें। इस दौरान अधीनस्थों से शराब की दुकानें को कठोरता से बंद करा दिया जाएगा। इस मौके चौकी प्रभारी अमरजीत यादव चेयरमैन रविंद्र वर्मा, भीष्म चौधरी, खुर्शीद नेता, प्रयाग चौहान, डा. उमेश, नजरुल बारी, ऐनुलहक अंसारी, घनश्याम मोदनवाल, लालबचन प्रजापति, राकेश यादव, जितेंद्र गुप्ता, देवनाथ यादव, जावेद इकबाल अंसारी, बीरा चौधरी, राकेश सिंह, मुमताज अहमद, बिहारी पांडेय, हाफिज इलियास गोविंद गुप्ता आदि मौजूद थे।