बलिया। विधान सभा चुनाव के लिए कुल 2825 बूथ बनाये गए हैं। लेकिन कई बूथों पर सुविधाओं की कमी है। कई बूथों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत, रैम्प आदि नहीं हैं। हालांकि प्रशासन चुनाव से पहले इन सुविधाओं को दुरुस्त कराने में जुटा है।
प्रशासन की तमाम कवायदों के बाद भी बहुत से बूथों पर न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा सकी हैं। कहीं बिजली तो कहीं पेयजल की व्यवस्था नहीं है जबकि निर्वाचन आयोग ने बूथों पर सभी तरह की सुविधाएं मुहैया मुहैया कराने निर्देश जारी किया है। विधान सभा चुनाव कराने के लिए कुल 2825 बूथ बनाए गए हैं। अधिकांश बूथों को सरकारी स्कूलों पर ही बनाया गया है। इसके सापेक्ष अभी तक सभी बूथों पर पेयजल व फर्नीचर की ही व्यवस्था है। इसके अलावा 2818 बूथों पर ही रैंप की सुविधा है। इसके अलावा शौचालय की सुविधा 2812, विद्युत की व्यवस्था 2787 बूथों पर ही है। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि उचित संकेत व हेल्प डेस्क की सुविधा सभी बूथों पर उपलब्ध है। अब चार फरवरी से ही जिले में अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरु हो जाएगी और तीन मार्च को मतदान कराए जाएंगे। ऐसे में बूथों पर माकूल इंतजाम नहीं होने से मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उधर, जिला प्रशासन ने इन बूथों पर सुविधाएं दुरुस्त कराने के लिए संबंधित एसडीएम को जिम्मेदारी दी है।
बैरिया विधानसभा के 39 मतदान केंद्रों के 83 बूथों पर तथा बांसडीह विधान सभा के 11 मतदान केन्द्रों के 34 बूथों पर मतदान होना है। इनमें प्रा विद्यालय नं एक तथा कंपोजिट विद्यालय (जूनियर हाई स्कूल ) में रैम्प, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, बिजली आदि सहित मेज कुर्सी आदि की व्यवस्था है। रेवती इंटर कॉलेज तथा पीडी इंटर कॉलेज के कक्षों के सामने रैम्प की व्यवस्था नहीं है। हालांकि इन कक्षों की ऊंचाई बहुत ही कम है। बावजूद इसके नगर के लेखपाल अविनाश सिंह ने बताया कि ऐसे बूथ जहां रैम्प की व्यवस्था की आवश्यकता होगी वहां संबंधित लोग मिट्टी आदि डाल कर रैम्प की व्यवस्था चुनाव पूर्व पूरा लेंगे।