बारिश ने दस्तक दे दी है लेकिन अभी तक शहर के नाले और नालियों की सफाई नहीं हो सकी है। नालियां जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। नालियों की सफाई के नाम पर नगर पालिका प्रशासन सिर्फ खानापूर्ति करने में लगा हुआ है। इसको लेकर नागरिकों में खासी नाराजगी है।
नगर में नाले एवं नालियों की सफाई के लिए लाखों रुपये का ठेका दिया गया है। लेकिन अभी तक सफाई पूरी नहीं हो पाई है। आलम यह है कि कई जगह नालियों को पाट दिया गया है। जिससे उसकी सफाई होना नामुमकिन है। ऐसे में बड़े नालों की कुछ स्थानों पर सफाई कराकर कोरम पूर्ति का कार्य किया जा रहा है। प्रोफेसर कालोनी निवासी अजीत यादव ने बताया कि मोहल्ले में सड़क के दोनों तरफ नपा द्वारा नालियां बनाई गई है। लेकिन उसकी सफाई आज तक शुरू नहीं कराई गई, जिससे बारिश होने के बाद नालियों का पानी सड़क पर बहने लगता है।
अधिवक्ता अजय शंकर ने कहा कि नगर पालिका के उदासीनता के चलते आनंद नगर मोहल्ले में कई नालियां चोक पड़ी हुई है। उनकी सफाई न होने से लोगों को उसी नालियों के पानी होकर गुजरना पड़ता है। शहर में भी कई मोहल्ले ऐसे है जहां पर नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है। सबसे दिलचस्प तो यह है कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय से होकर कलेक्ट्रेट की तरफ आने वाले मार्ग पर नपा द्वारा नाली न बनाए जाने के चलते सड़क पर पानी बह रहा है। जिससे होकर वादीकारियों तथा फरियादियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।