नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर में मरीजों को दवा देता वार्ड व्याय।संवाद
बैरिया। न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर पर दो साल से चिकित्सक नहीं हैं। 30 हजार से ऊपर की आबादी के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी केंद्र पर है। पीएचसी पर रोज 70 से ज्यादा मरीज पहुंचते हैं।
बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे पड़ताल के दौरान 12 से 14 मरीज पहुंचे थे, वार्ड बॉय संतोष कुमार बीमारी पूछ कर मरीजों को दवा दे रहे थे। दिनभर में करीब 74 मरीज इलाज कराने पहुंचे, चिकित्सक व फार्मासिस्ट के अभाव में कई मरीज निराश होकर लौट गए।
अस्पताल पर तैनात फार्मासिस्ट अजय सिंह, दो वार्ड बॉय व तीन वार्ड एटेंडेंट सहित कुल छह की तैनाती है, लेकिन मौके पर सिर्फ सफाईकर्मी और वार्ड बॉय ही मिले। फार्मासिस्ट ने आंख का ऑपरेशन कराया है, इससे वह छुट्टी पर चल रहे हैं। अन्य के बारे में कर्मचारी टोल मटोल जवाब देते नजर आए।
ग्रामीणों ने बताया कि दो वर्ष से इस अस्पताल पर किसी भी चिकित्सक की तैनाती नहीं है। एक बुजुर्ग सीएचसी सोनबरसा अस्पताल का पर्ची लेकर पहुंचा, उसने बताया कि कमर दर्द, सिर दर्द व थकान की परेशानी है। वार्ड बॉय ने पर्ची देखने के बाद कहा कि दवा अस्पताल में नहीं है।